राष्ट्रीय (14/05/2015) 
खाली पेट कैसे करेंगे सफाई कर्मचारी काम- रविन्द्र गुप्ता
उत्तरी दिल्ली के महापौर रविन्द्र गुप्ता ने गुरूवार को उत्तरी दिल्ली की उपमहापौर डाॅ नीलम गोयल व स्थायी समिति के अध्यक्ष मोहन प्रसाद भारद्वाज के साथ दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग से मुलाकात कर निगम की खराब होती वित्तीय स्थिति के संबंध में चर्चा की। उन्होंने कहा कि हम दिल्ली सरकार से कोई मदद नहीं मांग रहे अपितु अपना अधिकार मांग रहे है।
महापौर रविन्द्र गुप्ता ने उत्तरी दिल्ली नगर निगम की खराब वित्तीय स्थिति के विषय में उपराज्यपाल से चर्चा करते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल बताए कि सफाई कर्मचारी खाली पेट कैसे काम करेंगे और सफाई कर्मचारियों के कार्यों के बिना हम एक स्वच्छ व सुंदर दिल्ली की कल्पना तो दूर अपितु आज की सामान्य स्थिति भी नहीं रख पाएंगे। उन्होंने उपराज्यपाल को बताया कि दिल्ली सरकार की उदासीन रवैये के कारण न सिर्फ सफाई कर्मचारी बल्कि उनका पूरा परिवार भी वित्तीय संकट के दौर से गुजर रहा है।
रविन्द्र गुप्ता ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दिल्ली सरकार का यही उपेक्षापूर्ण रवैया रहा तो सफाई व्यवस्था के साथ साथ अन्य सेवाऐं भी ठप्प हो सकती है और दिल्ली के नागरिक केजरीवाल सरकार की राजनैतिक महत्वकांक्षा व हठधर्मिता के कारण इस स्थिति को झेलने को मजबूर होंगे।
महापौर ने उपराज्यपाल को बताया कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम का प्रतिनिधिमंडल पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया से मिल चुका है। उन्होंने बताया कि दिल्ली के दोनों शीर्षस्थ जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों ने निगम की वित्तीय स्थिति का को गंभीरता से नहीं लिया।
रविन्द्र गुप्ता ने उपराज्यपाल नजीब जंग को दिल्ली का उपराज्यपाल होने के नाते दिल्ली सरकार से लगभग 2000 करोड़ रूपये व दिल्ली विकास प्राधिकरण से लगभग 590 रूपये करोड़ की राशि उत्तरी दिल्ली नगर निगम को दिलवाए जाने की मांग की। महापौर ने उपराज्यपाल को निगम के प्रतिनिधिमंडलों द्वारा कई बार दिल्ली सरकार को इस संबंध में संज्ञान दिलाने की बात बताई । इस संबंध में उपराज्यपाल नजीब जंग ने उत्तरी दिल्ली नगर निगम की मांग को स्वीकार करते हुए दिल्ली सरकार को उत्तरी दिल्ली नगर निगम के प्रति देय राशि को जारी करने के लिए कहने का आश्वासन दिया।
Copyright @ 2019.