राष्ट्रीय (14/05/2015) 
संदिग्ध हालत में विवाहिता की मौत
नई दिल्ली। उत्तरी पूर्वी दिल्ली के थाना नंद नगरी इलाके में विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मृतका की पहचान बबीता (22) के रूप में हुई है। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं ससुराल पक्ष मामले को आत्महत्या का बता रहा है। पुलिस को मृतका के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। क्षेत्रीय एसडीएम मामले की जांच कर रही हैं। फिलहाल परिवार के आरोप पर पुलिस ने महिला के पति, ससुर और देवर से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस के मुताबिक बबीता अपने पति तिलक के साथ सुंदर नगरी में रहती थी। दोनों की नवंबर 2013 में शादी हुई थी। फिलहाल इनके यहां छह माह का बेटा है। बबीता का मायका सीमापुरी का है। मंगलवार शाम को परिवार को अस्ताल से बबीता की मौत की सूचना मिली। बबीता के भाई आनंद ने आरोप लगाया कि उसकी बहन को दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था। मंगलवार सुबह उसकी बहन ने इस बारे में बात भी की थी। इधर बबीता के पति तिलक का कहना है कि उसने फांसी लगाई वह उसे फंदे से उतारकर अस्पताल ले गए थे। फिलहाल पुलिस ने तिलक उसके पिता और भाई को हिरासत में ले लिया है।
रविंदर कुमार
Copyright @ 2019.