राष्ट्रीय (10/05/2015) 
युवाओ को कौशल विकास के लिए मिलेंगे रोजगार-मुख्यमंत्री मनोहर लाल
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि शीघ्र ही नई औद्योगिक नीति घोषित की जा रही है, इसमें युवाओं के कौशल विकास के अनुरूप उन्हें रोजगार मिले। इस पर विशेष ध्यान केन्द्रित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उद्योगों को भी सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत गांव के विकास के लिए गांव को अपनाने को कहा गया है, ताकि हम प्रदेश के सभी 6500 से अधिक गांवों को आदर्श गांव बना सकें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विजन हर गरीब से गरीब व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ देने का है। प्रधानमंत्री जन-धन योजना के बाद इसी कड़ी में कल से 115 स्थानों से तीन नई योजनाएं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना तथा अटल पैंशन योजना आरम्भ की गई है। मुख्यमंत्री आज समालखा विधायक रविन्द्र मछरौली द्वारा अनाज मण्डी समालखा में आयोजित प्रगति रैली में उमड़े जन सैलाब को सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि बच्चों को संस्कारी व गुणवान बनाने की ओर सरकार पूरी तरह ध्यान दे रही है। स्कूली पाठ्यक्रम में गीता के शलोक व अन्य धार्मिक ग्रंथो की शिक्षाओं को भी शामिल किया जा रहा है। स्वच्छता को भी स्कूली पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया जा रहा है। हर गांव में 2 एकड़ में व्यायाम शालाएं खोलने की नई पहल की गई है, ताकि गांव के युवा योग व अन्य पारम्परिक खेलों की ओर बढ़े। पहले चरण में एक हजार गांवों में व्यायामशालाएं खोली जाएंगी। समालखा विधानसभा क्षेत्र के दस गांवों में व्यायाम शालाएं पहले चरण में खोली जाएंगी। इसके लिए मुख्यमंत्री ने ढाई करोड़ रूपये देने की घोषणा की। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड की दो सडक़ों के लिए 1.50 करोड़ रूपये, मच्छरौली में गऊशाला के लिए 5 लाख, रेलवे स्टेशन समालखा के पास लगती खाली पड़ी 4 एकड़ रेलवे की जमीन पर सिटी पार्क के लिए रेलवे मंत्रालय से स्वीकृति लेना, बापौली में आईटीआई खोलने, गांवों में गन्दे पानी की निकासी के लिए 75 लाख रूपये, पंजाबी धर्मशाला के लिए 30 लाख रूपये, समालखा बाई पास के लिए 10 करोड़ रूपये व बस अडडे के सामने आरओबी का निर्माण करवाना, सनौली चौकी को पुलिस थाना बनाने की घोषणा भी की। 
मुख्यमंत्री की सादगी व स्पष्टवादिता छवि को देखते हुए उमड़े जनसैलाब ने बार-बार तालियों की गडग़ड़ाहट से मुख्यमंत्री का अभिन्नदन किया।
रैली को सम्बोधित करते हुए विधायक रविन्द्र मच्छरौली ने बड़ी भारी संख्या में पहुंचने के लिए लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल 36 बिरादरी को साथ लेकर चलने में विश्वास रखते हैं। उन्होंने कहा कि समालखा के लोगों का यह दुर्भाग्य रहा कि पिछले दस वर्षों में तत्कालीन मुख्यमंत्री केवल एक बार ही यहां आए थे। जबकि वर्तमान मुख्यमंत्री छ महीने के कार्यकाल में ही उनके अनुरोध पर समालखा आए हैं और हलके के विकास के लिए अनेक सौगाते दी हैं।
रैली को विधायक कृष्णलाल पंवार, महिपाल ढांडा, सांसद अश्वनी चोपड़ा की धर्मपत्नी किरण चौपड़ा ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर विधायक रोहिता रेवड़ी, जसबीर देशवाल, डॉ. पवन सैनी, जिलाध्यक्ष गजेन्द्र सलूजा, डीसी समीर पाल सरो, एसपी राहुल शर्मा, एडीसी सुजान सिंह, कमीश्नर नगर निगम शिव प्रसाद शर्मा, एसडीएम समालखा गौरव कुमार के अतिरिक्त अनेक गणमान्य उपस्थित थे।
Copyright @ 2019.