राष्ट्रीय (10/05/2015) 
हरियाणा पुलिस में जल्द होंगी 13 हजार भर्तियां
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा पुलिस में शीघ्र ही 13 हजार भर्तियां की जाएंगी तथा हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा भी विभिन्न श्रेणियों के पदों की विज्ञप्तियां जारी की जाएंगी। 
मुख्यमंत्री आज समालखा विधायक रविन्द्र मछरौली द्वारा अनाज मण्डी समालखा में आयोजित प्रगति रैली में उमड़े जन सैलाब को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने समालखा विधानसभा क्षेत्र के लिए करोड़ों रूपये की योजनाओं सौगात के रूप में दी। जिनमें हरियाणा ग्रामीण विकास निधि से 10 करोड़ रूपये, नगर पालिका समालखा को 5 करोड़, सब स्टेशन के लिए 6 करोड. तथा बिहोली में बनने वाले पानीपत के पहले ग्राम सचिवालय के लिए 1 करोड़ रूपये की घोषणाएं करना प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि सरकार हर जिले में गौ- अभरण्य खोलेगी। इसके अलावा गौ पालन को बढावा देने की दृष्टि से पांच गायों की मिनी डेयरी खोलने पर 50 प्रतिशत तक की सब्सिडी भी दी जा रही है। 
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार की कथनी और करनी में कोई अन्तर नहीं है। पिछली सरकार से मिली गली-सड़ी व्यवस्था को ठीक करने में अब तक छ: महीनों में डबल सिफ्ट में काम कर व्यवस्था को पटरी पर लाएं हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को पारदर्शी व स्वच्छ प्रशासन देने के वायदे के अनुसार हम व्यवस्था बदल रहे हैं। पिछली सरकार से हमें भ्रष्टाचार घूण की तरह लगा मिला है। सबसे पहले हमनें भ्रष्टाचार के रास्ते बन्द करने पर कार्य करते हुए तहसीलों में ई-रजिस्ट्री प्रणाली की शुरूआत की है। इसके अलावा सीएम विंडो, सीएम पोर्टल, जन्म-मृत्यु, जाति इत्यादि के प्रमाण पत्रों के लिए 2 मई से 19 ई-सेवाएं आरम्भ की हैं। आने वाले समय में 164 ई-सेवाएं आरम्भ की जाएंगी। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने से लोगों का समय बचे, इसलिए जिला सचिवालय के बाद उपमण्डल स्तर, ब्लॉक स्तर व ग्राम स्तर पर ई-सेवाओं की व्यवस्था की जा रही है। पानीपत के बिहोली से हरियाणा के पहले ग्राम सचिवालय की शुरूआत करने जा रहे हैं।समालखा विधानसभा क्षेत्र के लिए विधायक रविन्द्र मछरौली द्वारा रखी गई सभी मांगों को तत्काल स्वीकृति प्रदान करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि समालखा के विकास में कोई भी कमी नहीं छोड़ी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की घड़ी में प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग के साथ खड़ी है। लोगों की दुख-तकलीफ दूर करना सरकार की जिम्मेवारी है। मार्च माह में हुई बेमौसमी बारिश व ओलावृष्टि के कारण गेहूं  व अन्य रबी फसलों के नुकसान की भरपाई के लिए किसानों को हमनें अपने वायदे के अनुसार 13 लाख से अधिक एकड़ के खराबे की विशेष गिरदावरी करवाकर एक माह के अन्दर 1092 करोड़ रूपये मुआवजे के रूप में देने का कार्य शुरू किया है, यह कार्य 15 मई तक पूरा कर लिया जाएगा। गेहूं के एक-एक दाने की खरीद की जाएगी और समय पर उठान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा किसानों को फसली ऋण तीन वर्षों के लिए पुन:निर्धारण, आगामी फसली ऋण जीरो प्रतिशत ब्याज दर पर तथा खराबे के अनुसार कृषि बिजली बिल एक वर्ष के लिए माफ करने का निर्णय लेकर किसानों को इस संकट की घड़ी में तत्काल राहत पहुंचाने का कार्य किया है। केन्द्र सरकार से मुआवजा राशि में वृद्धि के साथ-साथ वैल्यूकट वहन करवाने की भी हरियाणा ने पहल की थी और प्रधानमंत्रीनरेन्द्र मोदी ने इसे स्वीकार किया था। 
Copyright @ 2019.