राष्ट्रीय (07/05/2015) 
हर हाल में 20 मई तक ठीक हो साइफन-ओम प्रकाश धनखड़
   हरियाणा के कृषि व सिंचाई मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पश्चिमी यमुना नहर के करनाल के पास क्षतिग्रस्त हुए साइफन को 20 मई तक हर हाल में ठीक कर लिया जाए ताकि लोगों व पशुओं के लिए पीने के पानी की कोई कमी न रहे।
   धनखड़ यहां सिंचाई विभाग के अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता राज्य के लोगों के लिए पीने के पानी का प्रबंध तथा पशुओं के लिए जोहड़ों को पानी से भरना है।
    बैठक में सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने कृषि व सिंचाई मंत्री को बताया कि करनाल के पास पश्चिमी यमुना नहर का एक साइफन क्षतिग्रस्त हो गया है जिसके कारण दक्षिणी हरियाणा के रोहतक,झज्जर,भिवानी आदि जिलों में पानी की आपूर्ति में कमी आई है। इन क्षेत्रों में पश्चिमी यमुना नहर से पानी की आपूर्ति की जाती है। मुख्य अभियंता,उठान नहरें ,ने बताया कि रोहतक,झज्जर,महेंद्रगझ़,नारनौल क्षेत्र के सभी जल घरों तथा जोहड़ों को पानी से भर दिया गया है और रेवाड़ी व भिवानी के बाकि जल घर तथा जोहड़ों को 12 मई तक पानी से भर दिया जाएगा।
     धनखड़ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि काम में तेजी लाकर क्षतिग्रस्त हुए साइफन को 20 मई तक जरूर पूरा कर लें। उन्होंने लोगों को भी विश्वास दिलाया कि प्रदेश में पानी की कोई कमी नहीं है औी 20 मई के बाद सबको पूरा पानी दिया जाएगा।
Copyright @ 2019.