राष्ट्रीय (06/05/2015) 
8 मई को स्वामी रामदेव जाएंगे चंडीगढ़
हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि योग एवं आयुर्वेद को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश के ब्रांड एम्बेसडर स्वामी रामदेव 8 मई को चंडीगढ़ पहुंचेगे। इस दिन वे मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में आयोजित सभी मंत्रीगण एवं विभागाध्यक्षों की बैठक में भाग लेंगे।
विज ने बताया कि 8 मई को स्वामी रामदेव के साथ आचार्य बालकृष्ण भी मौजूद रहेंगे। इस बैठक में स्वामी रामदेव के साथ 21 जून को मनाये जाने वाले विश्व योग दिवस की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा होगी तथा योग दिवस को मनाने का ब्लूप्रिंट तैयार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दुनिया में पहली बार विश्व योग दिवस मनाया जा रहा है, परन्तु हरियाणा में यह दिवस विशेष तैयारियों के साथ मनाया जाएगा। स्वामी रामदेव हरियाणा में योग एवं आयुर्वेद को बढ़ावा देने के लिए ब्रांड एम्बेसडर बनाये गये हैं, इसलिए उनकी सहमति से सभी तैयारियों को अन्तिम रूप दिया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश में आयुर्वेद को बढ़ाने लिए हरियाणा सरकार विश्व का सबसे बड़ा हर्बल फॉरेस्ट मोरनी हिल्स में बनाने का विचार कर रही है। इस स्थान की उपयुक्तता का परीक्षण करने के लिए 9 मई को स्वामी रामदेव व आचार्य बालकृष्ण मोरनी हिल्स का दौरा करेंगे। इस दौरान आयुर्वेदाचार्य एवं हर्बल औषधि ज्ञाता आचार्य बालकृष्ण भी मौजूद रहेंगे। हरियाणा सरकार ने प्रदेश में विश्व का वर्ल्ड हर्बल फॉरेस्ट बनाने का निर्णय लिया है, जिसमें स्वामी रामदेव तथा आचार्य बालकृष्ण की सहायता ली जाएगी। इस फॉरेस्ट में दुनिया के अधिकतर औषधिय पौधों को लगाया जाएगा।
Copyright @ 2019.