राष्ट्रीय (06/05/2015) 
13 गांवों केे किसानों को 80 लाख रुपए की मुआवजा राशि के रूप में वितरण किया
कैथल : जिला में बे मौसमी बरसात के कारण खराब हुई फसलों के लिए अभी तक 13 गांवों केे किसानों को 80 लाख रुपए की मुआवजा राशि के रूप में वितरण किया जा चुका है। इस कार्य के लिए 7 नोडल अधिकारी, 10 निगरानी टीमें तथा 64 पटवारी, ग्राम सचिव व कृषि विभाग के कर्मचारियों की टीमों को तैनात किया गया है। अगले 10 दिनों में मुआवजा वितरण का कार्य युद्ध स्तर पर किया जाएगा। जिला उपायुक्त के.मकरंद पांडुरंग ने आज लघु सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में प्रैस वार्ता में बताया कि जिला में फसलों के नुकसान के लिए 61 हजार 784 एकड़ क्षेत्र में खराब हुई फसलों के लिए 51 करोड़ 45 लाख 33 हजार 500 रुपए की राशि मंजूर करके वितरण के लिए भेजी गई है। उन्होंने बताया कि कैथल सब डिविजन में कैथल, पूंडरी तहसीलों तथा सीवन, राजौंद, ढांड उप तहसीलों में 46 हजार 256 एकड़ में खराब हुई फसलों के लिए 37 करोड़ 48 लाख रुपए की राशि का वितरण किया जाएगा। कैथल तहसील में 12 हजार 307 एकड़ में फसलों का नुकसान हुआ। पूंडरी तहसील में 16 हजार 499 एकड़, सीवन उप तहसील में 1722 एकड़, राजौंद उप तहसील में 4657 एकड़, ढांड उप तहसील में 11071 एकड़ में फसलों के नुकसान को गिरदावरी के माध्यम से आंका गया है। गुहला तहसील में कुल 2444 एकड़ में फसलों का नुकसान हुआ, जिसके लिए 2करोड़ 20 लाख 93 हजार रुपए की राशि किसानों में वितरित की जाएगी। इसी प्रकार कलायत तहसील में 13 हजार 84 एकड़ क्षेत्र में फसलों के नुकसान के लिए 11 करोड़ 74 लाख 62 हजार 500 रुपए की राशि मुआवजे के तौर पर पीडि़त किसानों को अगले माह वितरित की जाएगी। उपायुक्त ने बताया कि कैथल उपमंडल में 26 से 50 प्रतिशत नुकसान का क्षेत्र 32 हजार 413 एकड़, 51 से 75 प्रतिशत नुकसान 7215 एकड़ और 76 से 100 प्रतिशत नुकसान का क्षेत्र 6628 एकड़ में आंका गया है। इसी प्रकार गुहला में 26 से 50 प्रतिशत नुकसान का क्षेत्र 990 एकड़, 51 से 75 प्रतिशत नुकसान का क्षेत्र 914 एकड़ तथा 76 से 100 प्रतिशत नुकसान का क्षेत्र 540 एकड़ आंका गया है। इसी प्रकार कलायत में 26 से 50 प्रतिशत नुकसान का क्षेत्र 5752 एकड़, 51 से 75 प्रतिशत नुकसान का क्षेत्र 4271 एकड़ तथा 76 से 100 प्रतिशत नुकसान का एरिया 3061 एकड़ आंका गया है।उन्होंने बताया कि पिछले मास जिला में गिरदावरी का कार्य पूरी पारदर्शिता से किया गया था। पटवारियों द्वारा की गई गिरदावरी को जिला राजस्व अधिकारी, एसडीएम तथा खुद उनके द्वारा भी समय-समय पर चैक किया गया था तथा इस कार्य के लिए सभी अधिकारी मौके पर खेतों में गिरदावरी का निरीक्षण करने के लिए गए थे। ऐसी ही चैकिंग के बाद किसी भी स्तर पर कोई भी शिकायत की गुंजाईस नही रहती। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उपायुक्त ने कहा कि जिला में 88 प्रतिशत आधार कार्ड बनाए जा चुके हैं तथा बाकि बचे लोगों के भी आधार कार्ड शीघ्र ही पूरे कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं के तहत लाभ सीधे बैंकों में ट्रांसफर करने के लिए आधार कार्ड लिंक होने से उसमें गड़बड़ की गुंजाईस नही रहती। इस इस मौके पर पुलिस अधीक्षक कृष्ण मुरारी, जिला राजस्व अधिकारी दलेल सिंह मौजूद रहे।
राजकुमार अग्रवाल
Copyright @ 2019.