राष्ट्रीय (06/05/2015) 
विश्वास पर महिला आयोग बंटा, सदस्य ने दिया इस्तीफा

नई दिल्ली । दिल्ली महिला आयोग में आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्वास को लेकर चल रहे मतभेद मंगलवार को उस समय सामने आ गए, जब चेयरपर्सन बर्खा सिंह द्वारा बुलाई गई प्रेस कॉन्फ्रेंस से एक सदस्य उठ कर बाहर चली गई। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डीसीडब्लू की प्रमुख बरखा सिंह कुमार विश्वास पर लगे आरोपों को लेकर मीडिया जानकारी दे रही थी। तभी आयोग की एक सदस्य जूही खान ने कुमार विश्वास पर लगे आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताते हुए आयोग की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।

वहीं मीडिया ने जब जूही से कुमार विश्वास को लेकर सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि, मैं कुमार विश्वास को जानती हूं, वह ऐसा नहीं कर सकते हैं। साथ ही जूही ने कहा कि, पीडित महिला ने भी विश्वास पर इस तरह के कोई आरोप नहीं लगाए हैं। दूसरी ओर बरखा सिंह ने जूही खान पर आरोप लगाया है कि वह आम आदमी पार्टी की सदस्य हैं और इसी वजह से वह इस तरह के बयान दे रहीं हैं।

बरखा सिंह ने दावा किया कि महिला सदस्य को उनके द्वारा नहीं बुलाया गया था और उसे प्रेस कॉन्फ्रेंस बाधित करने के लिए भेजा गया था। इसी दौरान बरखा सिंह ने पत्रकारों को कुमार विश्वास को भेजा गया नोटिस दिखाया। इस विवाद के चलते आम आदमी पार्टी ने बरखा सिंह से इस्तीफा देने की मांग की है।

Copyright @ 2019.