राष्ट्रीय (06/05/2015) 
भारत के तेजी से खिसकने का कारण पता चला

नई दिल्ली। इस सवाल का जवाब तो मिल चुका है कि महाद्वीपीय बहाव के इतिहास में भारत रहस्यमयी रिकॉर्ड धारक है। अब भूगर्भशास्त्रियों ने इस बात का भी पता लगा लिया है कि ऐसा हो क्यों रहा है? वैज्ञानिकों के अनुसार, 14 करोड़ साल पहले भारत विशाल महाद्वीप गोंडवाना का हिस्सा था। 12 करोड़ साल पूर्व वह गोंडवाना से अलग हुआ और पांच सेमी प्रतिवर्ष की गति से उत्तर की ओर धीरे-धीरे खिसकने लगा।

आठ करोड़ साल पहले भारत की दूर जाने की गति दो गुना से भी ज्यादा 15 सेमी प्रतिवर्ष हो गई। करीब पांच करोड़ साल पहले इस गति से यूरेशिया से टकराने के चलते हिमालय का जन्म हुआ था। अब मैसाच्युसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के भूगर्भशास्त्रियों का कहना है कि भारत का इतनी तेजी से उत्तर की तरफ खिसकने का कारण दो सबडक्शन जोन (पृथ्वी की सतह के नीचे दो टेक्टोनिक प्लेटों का आपस में टकराना) का होना है।

उनका कहना है कि दो प्लेटों के टकराव के चलते दोगुनी शक्ति पैदा हुई, जिसने भारत के खिसकने की गति को दोगुना से भी ज्यादा कर दिया। भूगर्भशास्त्रियों ने दो सबडक्शन जोन का पता हिमालयी क्षेत्र के चट्टानों की सैंपलिंग और डेटिंग से लगाया है।

Copyright @ 2019.