राष्ट्रीय (06/05/2015) 
अशोक तंवर ने ठाकुर अतर लाल को किया कांग्रेस में शामिल
हरियाणा की अटेली सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ चुके ठाकुर अतर लाल
नई दिल्ली। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डा. अशोक तंवर की उपस्थिति में मंगलवार को अटेली विधानसभा से निर्दलीय चुनाव लड़ चुके ठाकुर अतर लाल एडवोकेट ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। अखिल भारतीय राजपूत महासभा की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष ठाकुर अतर लाल के साथ बड़ी संख्या में उनके समर्थकों ने नई दिल्ली में नोर्थ एवेन्यू स्थित डा. तंवर के आवास पर पहुंचकर कांग्रेस को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। कुछ दिन पहले टोहाना हलके से निर्दलीय चुनाव लड़ चुके देवेंद्र बबली ने भी डा. अशोक तंवर के नेतृत्व में आस्था जताते हुए अपने हजारों समर्थकों के साथ कांग्रेस की विधिवत सदस्यता ग्रहण की थी। 
    हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष ने कांग्रेस पार्टी की नीतियों में आस्था जताने पर ठाकुर अतर लाल का स्वागत करते हुए कहा कि दक्षिण हरियाणा में पार्टी को नई मजबूती मिली है। हरियाणा की वर्तमान सरकार से जनता का मोहभंग हो चुका है और लोग कांग्रेस सरकार के कार्यकाल को याद करने लगे हैं। कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी के प्रेरणास्रोत व उपाध्यक्ष राहुल गांधी के ऊर्जावान नेतृत्व को गरीब, किसान, मजदूर, युवा, महिलाएं व अन्य कामकाजी वर्ग अपना सच्चा हमदर्द मानते हैं। जिसके चलते आज हरियाणा के सभी इलाकों में कांग्रेस की विचारधारा व नीतियों में लोग आस्था जताने लगे हैं। उन्होंने कहा कि अतर लाल के कांग्रेस में शामिल होने से दक्षिण हरियाणा में कांग्रेस को नई मजबूती मिली है।
    वहीं ठाकुर अतर लाल ने कांग्रेस में शामिल होने पर डा. अशोक तंवर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एक जुझारू, संघर्षशील एवं ऊर्जावान नेतृत्व के साथ काम करने का अनुभव अब उन्हें मिलेगा। उन्होंने डा. अशोक तंवर को छत्तीस बिरादरी और पूरे हरियाणा का एक सर्वमान्य नेता बताते हुए कहा कि उनके काम करने की शैली और मेहनती कार्यप्रणाली से प्रभावित होकर वे कांग्रेस में शामिल हुए है। सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नेतृत्व में काम करते हुए वह पार्टी को मजबूत बनाने का काम करेंगे और समर्पित भाव से हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष की उम्मींदों पर खरा उतरेंगे। उनके समर्थकों में दक्षिण हरियाणा में सक्रिय राजपूत सभा के पदाधिकारियों के अलावा किसान संगठन के सदस्य प्रतिनिधि व अन्य सम्मानित संगठनों के पदाधिकारी भी शामिल है। सभी प्रतिनिधियों ने सम्मान स्वरूप डा. अशोक तंवर को पगड़ी भी बांधी।  
    उनके साथ अखिल भारतीय राजपूत सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह चौहान, सूबेदार भरत सिंह, महासचिव सुरेंद्र सिंह तंवर, सचिव सूबेदार रतन सिंह तंवर, संगठन मंत्री अशोक परमार, हरियाणा बुद्धिजीवी फोरम के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र यादव, उपाध्यक्ष नरेंद्र भगत जी, महासचिव सेठ कैलाश अग्रवाल, नवीन कुमार, सचिव रविंद्र यादव, भारतीय किसान संगठन के प्रदेशाध्यक्ष भरत लाल सैनी, उपाध्यक्ष कप्तान ओमपाल सिंह, संगठन सचिव ओमप्रकाश, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य संदीप तंवर, मदन तंवर, महाराणा प्रताप कॉलेज के डायरेक्टर मदन तंवर तथा बाबा साहिब डा. भीमराव अंबेडकर सुधार समिति के सचिव अशोक कुमार सहित अन्य समर्थकों ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
Copyright @ 2019.