राष्ट्रीय (03/05/2015) 
किसानों के लिए नई बीमा योजना लाएगी सरकार

बांदा । सरकार जल्द किसानों के लिए आमदनी फसल बीमा योजना ला रही है। इसमें किसान की आमदनी का मानक निर्धारित कर बीमा किया जाएगा। नुकसान होने पर उन्हें पूरी आमदनी का क्लेम मिलेगा। यह बात केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को एक किसान के सवाल का जवाब देते हुए कही। वे उप्र के बांदा जिला मुख्यालय स्थित रायफल क्लब मैदान में किसान महापंचायत को संबोधित कर रहे थे। संबोधन के बाद उन्होंने किसानों से संवाद किया। इस दौरान यहां के जागरूक किसान हरिशंकर ने सवाल किया था कि प्रीमियम लेने के बावजूद बीमा कंपनियां क्लेम नहीं देतीं। इस दौरान केंद्रीय गृहमंत्री ने यह भी स्वीकार किया कि पुरानी बीमा योजना कारगर साबित नही हुई है। इसी के चलते सरकार नई बीमा योजना पर विचार कर रही है।

उल्लेखनीय है कि उप्र प्रदेश का यह इलाका विकास के मामले में काफी पिछड़ा माना जाता है। ओलावृष्टि व बेमौसम बरसात से फसलेें बर्बाद होने के बाद यहां के कई किसान मौत को गले लगा चुके हैं। लगातार मिल रहीं आत्महत्या की खबरों के बीच शुक्रवार को गृहमंत्री राजनाथ सिंह यहां पहुंचे और किसानों से सीधा संवाद कर हकीकत से रूबरू हुए।

इस दौरान कई किसानों ने मुआवजा वितरण व खरीद केन्द्रों की मनमानी पर भी सवाल उठाए। जिस पर उन्होंने सकरात्मक आश्वासन दिया है, जबकि कर्ज माफ करने की मांग को उन्होंने यह कहते हुए नकार दिया कि यूपी का कर्ज माफ किया तो देशभर का कर्ज माफ करना पड़ेगा।

Copyright @ 2019.