राष्ट्रीय (30/04/2015) 
नारनौल व पानीपत में सैनिकों की होगी भर्ती : राव इंद्रजीत
नई दिल्ली - केंद्रीय योजना मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एंव रक्षा राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने बताया है कि हरियाणा के नारनौल में 11 से 20 जुलाई  व पानीपत में 1 नवंबर से 10 नवंबर तक सैनिक भर्ती रैली का आयोजन रक्षा विभाग की ओर से किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पिछले महीनों पानीपत के समालखा व नारनौल में जनसभाओं को संबोधित करते हुए ग्रामीणों ने पानीपत व नारनौल में सैनित भर्ती रैली करवाने की मांग की थी। उन्होंने कहा कि हरियाणा के वीर सैनिकों का इतिहास गौरव से भरा रहा है। उन्होंने कहा कि सैनिक भर्ती करवाने का आश्वासन रैली के दौरान दिया था और ग्रामीणों से आह्वान किया था कि वे अपने बच्चों को आज से ही फौज की तैयारी के लिए प्रशिक्षित करने और भर्ती रैली में सफल होने के लिए शारीरिक परिश्रम करवाना शुरू कर दें ताकि अधिक से अधिक युवा सैनिक भर्ती में सफल हो सकें।  केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि पानीपत व नारनौल की जनसभाओं में लोगों की मांग के बाद से ही वे इस प्रयास में जुट गए थे कि यहां सैनिक भर्ती रैली का आयोजन हो सके ताकि प्रदेश के युवाओं को देश सेवा करने का मौका फौज के माध्यम से मिल सके एंव उनकी बेरोजगारी दूर हो सके। उन्होंने कहा कि भर्ती रैली का स्थान जिला प्रशासन व सेना की टीम द्वारा तय किया जाएगा। सेना की ओर से नारनौल भर्ती के लिए एआरओ चरखी दादरी व पानीपत के लिए एआरओ रोहतक को सूचना दे दी गई है।
Copyright @ 2019.