राष्ट्रीय (23/04/2015) 
किसान की मौत पर गरमाई दिल्ली की सियासत

किसान की मौत के बाद दिल्ली की सियासत गरमाई


नई दिल्ली (साई)। राजस्थान के किसान की आत्म हत्या के बाद दिल्ली की सियासत तेज हो गई है। किसान की मौत के साथ ही इस पर राजनीतिज्ञों ने अपने अपने हिसाब से बयानबाजी शुरू कर दी है।

गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने इस मामले पर दिल्ली पुलिस कमिश्नर से बात कर इस मामले की जांच के आदेश दिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि गजेंद्र की मौत से देश दुखी और हम सब निराश हैं। किसान परिवार को हमारी संवेदनाएं। उन्होंने लिखा कि किसान खुद को अकेला न समझें।

वहीं दूसरी ओर किसान की मौत के कुछ समय बाद ही कांग्रेस राहुल गांधी राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचे। भाजपा नेता सांबित पात्रा ने कहा कि आज केजरी की सभा में लोकतंत्र अैर मानवता की दोनों की हत्या हो गई। कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि देश का किसान मुश्किल में है। यह किसान मुआवजा न मिलने के कारण परेशान था। हम इस किसान परिवार की हर संभव मदद करेंगे। सरकार को भी इस मामले में संज्ञान लेना चाहिए।

आम आदमी पार्टी के नेता धर्मवीर गांधी ने कहा कि हमसे हालात समझने में गलती हुई। हमें रैली वहीं रोक देनी चाहिए थी। वहीं आप के प्रवक्ता संजय सिंह ने कहा कि यह केंद्र सरकार के इशारे पर हुआ है। इसी बीच आप के एक और प्रवक्ता आशुतोष ने इस घटना पर एक बेतुका बयान दिया जिसमें उन्होंने कहा कि अगली बार जब कोई किसान रैली के दौरान पेड़ पर चढ़ेगा तो उसे उतारनेे के लिए केजरीवाल पेड़ पर चढ़ कर किसान को उतारेंगे। वहीं आपक के नेता कुमार विश्वास ने कहा कि घटना के बाद भी रैली इसलिए चलती रही जिससे भीड़ भड़के नहीं। यदि हम रैली खत्म कर देते तो भगदड़ मच जाती और स्थिति और खराब हो जाती। घटना के अस्सी मिनट तक रैली चलती रही।

जंतर मंतर पर राजस्थान के एक किसान की आत्महत्या के मुद्दे पर कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि गजेंद्र की आत्महत्या के लिए पूरी तरह से केंद्र व दिल्ली सरकार जिम्मेदार है। पार्टी प्रवक्ता सत्यव्रत चतुर्वेदी ने कहा कि दिल्ली की कानून व्यवस्था केंद्र के अधीन है इसलिए इसके लिए केंद्र जिम्मेदार है। जहां तक दिल्ली सरकार का सवाल है तो उसके मुख्यमंत्री केजरीवाल के सामने यह घटना हुई। उन्होंने कहा कि इस दुखद घटना के लिए केंद्र सरकार की नीतियां जिम्मेदार हैं।

कांग्रेस ने कहा कि बेमौसम की बारिश से देश का किसान बर्बाद हो गया है, लेकिन केंद्र सरकार की तरफ से कोई सहायता नहीं दी जा रही है। मुआवजे के नाम पर धोखा हआ है। उन्होंने कहा कि उनके नेता राहुल गांधी ने किसानों का मुद्दा उठाया तो सरकार के मंत्री अहंकार की भाषा बोलने लगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों की लड़ाई आखिरी दम तक लड़ेगी।

(मणिका सोनल)

Copyright @ 2019.