राष्ट्रीय (22/04/2015) 
हरियाणा की तीन सड़को को मिला राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्ज
केन्द्रीय सडक़, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा हरियाणा की तीन प्रमुख सडक़ों 'अम्बाला से साहा', 'नारनौल से टोहाना तथा जीन्द से सोनीपत को राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा प्रदान किया है। इस संबंध में केन्द्र सरकार द्वारा अधिसूचना जारी कर दी गई है।
केन्द्रीय सडक़, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इस संबंध में बुधवार को हरियाणा के स्वास्थ्य एवं खेल मंत्री अनिल विज को अधिसूचित स्वीकृति पत्र प्रदान किया।
विज ने बताया कि अम्बाला-साहा-शाहबाद मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा देने की मांग काफी समय से उठ रही थी। इसके लिए वे स्वयं कई बार केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर चुके हैं और उन्होंने गडकरी से अम्बाला-साहा-शाहबाद सडक़ मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्गों की सूची में शामिल करने की अपील की थी। इसके परिणामस्वरूप आज केन्द्रीय मंत्री ने उनकी मांग स्वीकार करते हुए उन्हें अम्बाला-साहा-शाहबाद मार्ग को नया राष्ट्रीय राजमार्ग-444ए बनाने का स्वीकृति पत्र प्रदान किया है। यह मार्ग हरियाणा के अम्बाला के निकट राजमार्ग-44 से प्रारम्भ होकर साहा होते हुए शाहबाद के पास राजमार्ग-44 पर समाप्त होगा। इससे उत्तरी हरियाणा के एक भाग में रहने वाले लोगों को न केवल लाभ होगा बल्कि व्यापारिक गतिविधियां बढऩे में सहायता मिलेगी। 
खेलमंत्री ने कहा कि इसके अलावा, केन्द्र सरकार ने राजस्थान से होते हुए पंजाब को जोडऩे वाले मार्ग को भी नया राष्ट्रीय राजमार्ग-148बी बनाने की अधिसूचना जारी की है। यह राजमार्ग राजस्थान के कोटपुतली के राजमार्ग-48 से शुरू होकर हरियाणा के नारनौल, महेन्द्रगढ़, चरखीदादरी, भिवानी, हांसी, बरवाला, टोहाना से होते हुए पंजाब के बठिंडा में राष्ट्रीय राजमार्ग-54 पर समाप्त होगा।
केन्द्र सरकार द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग-352 पर जीन्द से शुरू होकर गोहाना होते हुए सोनीपत में राष्ट्रीय राजमार्ग-334बी पर समाप्त होने वाले मार्ग को भी नया राजमार्ग-352ए बनाया गया है।
Copyright @ 2019.