राष्ट्रीय (07/04/2015) 
हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कम की अपनी सुरक्षा
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा पुलिस की छवि में सम्पूर्ण बदलाव लाने का आहान करते हुए सरकारी पदों पर आसीन व्यक्तियों द्वारा सुरक्षा कवर को प्रतिष्ठा के प्रतीक के रूप में इस्तेमाल करने की प्रवृत्ति को निरुत्साहित करने की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने खुलासा किया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री का कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात उन्होंने अति विशिष्ट व्यक्तियों की सुरक्षा में तैनात लगभग 700 सुरक्षाकर्मियों को कम किया है, जिनमें उनकी स्वयं की निजी सुरक्षा में लगे 183 सुरक्षाकर्मी भी शामिल हैं। 
    मुख्यमंत्री ने यह बात आज यहां महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक (सेवानिवृत्त) जयन्त उमरांकिकर के साथ पुलिस सुधारों के सम्बन्ध में एक बैठक के दौरान कहीमनोहर लाल ने कहा कि उन्होंने प्रदेशभर में अति विशिष्ट व्यक्तियों की सुरक्षा में तैनात 700 अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों को हटाया है जोकि एक जिले के पुलिस बल के बराबर हैं। 
    उन्होंने कहा कि हमें आत्मविश्लेषण करना चाहिए कि ऐसी स्थितियां क्यों पैदा होती हैं जिनके कारण अपराधों को बढ़ावा मिलता है। मुख्यमंत्री ने अपराधों की रोकथाम में समाज के सभी वर्गों को शामिल करने की आवश्यकता पर बल दिया। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस को नागरिकों के प्रति और अधिक संवेदनशील बनाया जाना चाहिए। चूंकि अपराध रहित समाज एक सपना है, इसलिए अपराध होने के पश्चात सम्बंधित व्यक्ति को तत्काल प्रत्येक रिपोर्ट दर्ज करवानी चाहिए। इसके दृष्टिगत, राज्य सरकार ने पुलिस विभाग का 2437 नागरिक पोर्टल हरसमय शुरू किया है, जिस पर कोई भी व्यक्ति किसी भी अपराध के सम्बंध में शिकायत ऑनलाइन दर्ज करा सकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी पुलिस कार्मिक द्वारा पीडि़त की शिकायत दर्ज करने से मना कर देने पर उस शिकायत को सख्ती से देखा जाएगा।
Copyright @ 2019.