(14/08/2016) 
44 CRPF के जवानों एवं अधिकारियों को वीरता पदक
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर, सबसे बडे़ अर्धसैनिक बल को एक बार फिर सभी पुलिस बलों में सबसे अधिक वीरता पुलिस पदकों से अलंकृत किया गया है। इस बार उसे 44 वीरता पदकों से सम्मानित किया गया है। इनमें 01 वीरता के लिये राष्ट्रपति का पुलिस पदक एंव 43 वीरता के लिए पुलिस पदक शामिल हैं, जिनमें 10 पदक मरणोपरांत प्रदान किए गए हैं।

 देश के सबसे कठिन क्षेत्रों एवं वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में तैनात बल के अधिकारियों एवं कार्मिकों को असाधारण कार्य और अद्म्य साहस प्रदर्षन के लिए एक साथ इतने बड़े पैमाने पर वीरता पदक से सम्मानित किया गया है। 41 अधिकारियों एवं जवानों को वामपंथी उग्रवाद क्षेत्रों एवं 03 को जम्मू-कश्मीर के संवेदनशील क्षेत्रों में तैनाती के दौरान दिखाए गए शौर्य के लिए ये पदक प्रदान किए गए हैं। 

          वीरता के लिये राष्ट्रपति का पुलिस पदक पाने वाले निरीक्षक गुलाम नबी भट्ट, जो 23 बटालियन श्रीनगर (जम्मू एवं कश्मीर) मे तैनात थे, ने अप्रैल 2014 में श्रीनगर शहर के सौरा इलाके में विपरीत परिस्थितियों में विशिष्ट वीरता और अनुकरणीय साहस का प्रदर्शन करते हुए उन दो आंतकवादियों को मार गिराया जिन्होंने एक घर में घुसकर वहां रहने वालों को बंधक बनाया हुआ था। शहीद मोहम्मद नेहाल आलम उप कमाण्डेन्ट 219 बटालियन को मरणोपरांत वीरता के पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है। उन्होंने दक्षिण बस्तर, छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के गढ़ सुकमा जिले में एक ऑपरेशन में अपनी टीम का नेतृत्व करते हुए उच्च कोटि की वीरता एवं अद्म्य साहस का परिचय दिया। उन्होंने वीरता के लिए पुलिस पदक प्राप्त करने वाले सिपाही आदित्य कुमार के साथ घात लगाए हुए माओवादियों से मुकाबला करके एक खूंखार  माओवादी को मार गिराया एवं कई अन्य को गम्भीर रूप से घायल कर दिया। हालांकि, शहीद मोहम्मद नेहाल आलम सुकमा जिले में एक और ऑपरेषन के दौरान आइईडी ब्लास्ट में गम्भीर रूप से घायल होने के कारण शहीद हो गए। 8 अन्य जवानों को भी छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में माओवादियों के खिलाफ अभियान में उच्च कोटि की वीरता एवं अदम्य साहस प्रदर्शन करने के लिए मरणोपरांत सम्मानित किया गया है।

केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल सबसे अधिक अलंकृत पुलिस बल है, जिसें अब तक 1570 पदकों से सम्मानित किया जा चुका है। इनमें 01 जॉर्ज  क्रॉस, 03 किंग्स पी.एम.जी, 01 अषोक चक्र, 01 कीर्ति चक्र, 01 पद्म श्री, 01 वीर चक्र, 14 शौर्य़ चक्र, 49 पी.पी.एफ.एस.एम.जी, 192 वीरता के लिए राष्ट्रपति के पुलिस पदक, 01 युद्ध सेवा पदक, 05 सेना पदक, 04 विशिष्ट सेना पदक, 1189 वीरता के लिए पुलिस पदक, 05 आई.पी.एम.जी., 03 जीवन रक्षा पदक और जान बचाने के लिए 100 प्रधानमंत्री के पुलिस पदक शामिल हैं। वर्ष 1939 में बल के गठन के बाद अब तक बल के 2052 अधिकारियों एवं जवानों ने राश्ट्र सेवा में अपने प्राण न्यौछावर किए हैं। 

उपरोक्त के अलावा केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल को 05 विशिष्ट सेवा के लिय राष्ट्रपति का पुलिस पदक और 58 सराहनीय सेवा के लिय पुलिस पदक प्रदान किये गये है।

 

Copyright @ 2019.