(27/07/2016) 
सोनी के पति की सुरक्षा, न्याय तथा दोनों बच्चियों की पढ़ाई जारी रखने का भरोसा दिया एनसीडब्ल्यू अध्यक्षा ने
नयी दिल्ली, 27 जुलाई। नरेला के आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा महीनों से यौन उत्पीड़ित महिला सोनी मिश्रा द्वारा आत्म हत्या के मामले में मृतका के परिजनों को न्याय दिलाने, उसके पति अशोक मिश्रा की आम आदमी पार्टी के गुण्डों से प्राण रक्षा करने तथा सोनी की दोनों नाबालिग लड़कियों को स्कूल में दाखिला दिलाने और पूरे मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग के हस्तक्षेप की मांग को लेकर नेता प्रति विजेन्द्र गुप्ता ने आज एनसीडब्ल्यू की अध्यक्षा ललिता कुमार मंगलम से भेंट की। उन्होंने भरोसा दिया कि सोनी के पति और दोनों बच्चियों की हर हाल में रक्षा की जाएगी। बच्चियों का प्रवेश केंद्रीय विद्यालय में कराया जाएगा और सोनी को आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

सोनी के पति अशोक मिश्रा ने एनसीडब्ल्यू की अध्यक्षा को बताया कि दिल्ली महिला आयोग और दिल्ली सरकार द्वारा सोनी को न्याय न देकर उसे लगातार धमकाने वाले आम आदमी पार्टी के लोगों से समझौता करने का दबाव डालने से हताश सोनी ने 19 जुलाई 2016 को आत्म हत्या कर ली थी। उसके बाद भी आम आदमी पार्टी के गुण्डे अशोक मिश्रा को लगातार धमकियां देकर चुप रहने, मामले को आगे न बढ़ाने की बात कह रहे हैं। अशोक मिश्रा को जुबान बंद रखने के लिए प्रलोभन भी दिए जा रहे हैं। आप के लोगों की धमकियों से अशोक मिश्रा तथा उसकी दोनों छोटी बच्चियों को जानमाल का खतरा उत्पन्न हो गया है। इसी को लेकर राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्षा से मिल कर न्याय की मांग करने नेता प्रतिपक्ष विजेन्द्र गुप्ता, नरेला के पूर्व भाजपा विधायक नील दमन खत्री, मृतका के पति अशोक मिश्रा, उसकी दो छोटी बेटियां आज एनसीडब्ल्यू मुख्यालय गए थे।

 गुप्ता ने ललिता कुमार मंगलम को मामले के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सोनी की आत्महत्या के पीछे आम आदमी पार्टी के बड़े नेताओं द्वारा कराये जा रहे सेक्स स्कैण्डल एक बड़ा कारण है। इसकी उच्चस्तरीय जांच करायी जाए ताकि आम आदमी पार्टी के बड़े नेताओं के कुकर्मों का खुलासा जनता के बीच हो सके। अरविंद केजरीवाल की सरकार में महिलाओं का उत्पीड़न तेजी से बढ़ा है। दिल्ली महिला आयोग की चेयरमैन स्वाति मालीवाल महिला उत्पीड़न की घटनाओं पर तमाशबीन बनी हुईं हैं। वे उस कुर्सी पर बैठने के योग्य नहीं हैं। उनकी योग्यता यही है कि वे मुख्यमंत्री की रिश्तेदार हैं। दिल्ली महिला आयोग मुख्यालय को स्वाति ने आम आदमी पार्टी के हितसाधन का औजार बनालिया है। इसलिए स्वाति मालीवाल को तुरंत उनके पद से बर्खास्त किया जाए।

उन्होंने कहा कि सोनी की आत्महत्या के बाद भी आम आदमी पार्टी के असामाजिक तत्वों के हौंसले इतने बुलंद हैं कि वे अब सोनी की पति को चुप रहकर समझौता करने का दबाव बना रहे हैं। उनको धमकियां दी जा रही हैं कि यदि उन्होंने मामले को आगे बढ़ाया तो उनका हश्र भी सोनी जैसा ही किया जाएगा। गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हर आपराधिक मामले में अपने लोगोें का ही बचाव करते हैं इसीलिए पार्टी के विधायकों, नेताओं तथा अपराधी किस्म के कार्यकर्ताओं का मनोबल काफी बढ़ गया है। अब वे अकेली रहन वाली महिलाओं को यौन शोषण का शिकार बना रहे हैं। इस मामले में पार्टी के अनेक बड़े नेता शामिल हैं। जो पार्टी महिलाओं काउत्पीड़न रोकने और उनकी सुरक्षा करने के वायदे के साथ सत्ता में आयी थी, अब वही पार्टी महिलाओं की सबसे बड़ी उत्पीड़नकर्ता बन गयी है।
Copyright @ 2019.